शाजापुर। जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम धतरावदा जोड़ के समीप एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्टो कार में सवार अल्पेश पठान और 21 वर्षीय ऋषभ सिंह परिहार ग्वालियर से जावरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धतरावदा जोड़ के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मोहन बड़ोदिया थाने से डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पायलट संतोष मालवीय, आरक्षक सोनू यादव तथा पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मोहन बड़ोदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
🔔 यह भी पढ़ें...
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कार चालक अल्पेश पठान को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल ऋषभ सिंह परिहार का उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



टॉप न्यूज़









शेयर करें
















































