किशोर सिंह राजपूत शाजापुर
शाजापुर। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बिजली विभाग ने बुधवार को शहर में स्मार्ट मीटरों की सघन जांच का अभियान चलाया। इंदौर से आई विशेष टीम ने स्थानीय बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से अलग-अलग क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर और विद्युत कनेक्शनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान बिजली चोरी के कई मामले सामने आए।
🔔 यह भी पढ़ें...
जांच के दौरान कहीं डायरेक्ट तार डालकर बिजली का उपयोग किया जा रहा था, तो कहीं स्मार्ट मीटर से छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई। टीम ने संदिग्ध कनेक्शनों और मीटरों की जांच कर मौके पर पंचनामे तैयार किए। संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
हर महीने इंदौर से चिन्हित होकर आते हैं मीटर
सहायक यंत्री रामेश्वर प्रताप अहिरवार ने बताया कि इंदौर बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटरों की जांच के लिए विशेष टीम शाजापुर भेजी गई है। इंदौर और शाजापुर की संयुक्त टीम ने शहर में अभियान चलाकर स्मार्ट मीटरों की जांच की। उन्होंने बताया कि हर महीने इंदौर से ऐसे स्मार्ट मीटरों की सूची भेजी जाती है, जिनमें खपत अथवा तकनीकी स्थिति के आधार पर जांच की आवश्यकता होती है। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में टीम द्वारा मौके पर जाकर जांच की जाती है। उन्होंने बताया कि इस दौरान कई स्थानों पर डायरेक्ट तार डालकर बिजली चोरी करने और मीटर से छेड़छाड़ के मामले सामने आए हैं। सभी मामलों में पंचनामा तैयार कर नियमानुसार जुर्माना एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्मार्ट मीटरों से होने वाली बिजली चोरी को लेकर शहर में हड़कंप की स्थिति रही।



टॉप न्यूज़










शेयर करें












































