किशोर सिंह राजपूत
विरोध करने पर चालक पर गाली-गलौज व धमकी देने का आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR; बस के फिटनेस-बीमा पर भी सवाल
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। एबी रोड स्थित फुलखेड़ी के पास स्कूल बस चालक की दबंगई का मामला सामने आया है। जाम में खड़ी कार को बस चालक ने अचानक रिवर्स लेते हुए टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी चालक ने बस नहीं रोकी और कार को काफी दूर तक घसीटता ले गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

फरियादी दीपक कुमार पिता कमलसिंह राजपूत ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर को करीब 3 बजे वह अपनी कार MP42-B-4162 से गल्ला मंडी जा रहा था। शिवम तौल कांटे के सामने फुलखेड़ी में जाम के कारण कार खड़ी थी। इसी दौरान आगे खड़ी स्कूल बस ने अचानक रिवर्स लेकर कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार का बोनट, बंपर और हेडलाइट क्षतिग्रस्त हो गए। चालक ने बस रोकने के बजाय कार को घसीटा। राहगीरों के रोकने पर बस रुकी।
फरियादी के अनुसार चालक से विरोध जताने पर उसने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और अपना नाम निकुंज मिश्रा बताया। बस पर देहली स्मार्ट पब्लिक स्कूल तथा आगे ‘बाणेश्वरी, दादी मां’ लिखा होने की जानकारी पुलिस को दी गई। बस का नंबर MP42P-043 बताया गया है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में देवेंद्र चौधरी सहित राहगीर शामिल हैं।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार सावनेर हैं।
इधर बड़ा सवाल: ऑनलाइन आरटीओ रिकॉर्ड में बस के फिटनेस और बीमा की वैधता नहीं दिखने की बात सामने आ रही है। ऐसे में यदि दस्तावेज वास्तव में वैध नहीं हैं तो सवाल यह है कि बच्चों को लेकर चल रही स्कूल बस सड़क पर कैसे दौड़ रही थी? पुलिस जांच के साथ अब परिवहन विभाग की कार्रवाई पर भी नजर है।



टॉप न्यूज़










शेयर करें
















































