किशोर सिंह राजपूत शाजापुर
सीसीटीवी फुटेज से जीआरपी-आरपीएफ ने आरोपियों को ट्रेस किया, ₹19 हजार का मशरूका बरामद
🔔 यह भी पढ़ें...
उज्जैन/शाजापुर। चलती ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जीआरपी उज्जैन द्वारा की जा रही कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पोको मोबाइल और ₹13 हजार नकद सहित कुल ₹19 हजार का मशरूका बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान बैरछा निवासी इरशाद उर्फ दिलशाद उर्फ दिल्लु, सलमान खान और समीर मेवाती के रूप में हुई है।
बैरछा स्टेशन के पास महिला का पर्स चोरी किया था
पुलिस के अनुसार बैतूल निवासी गायत्री साहू 4 अगस्त को ट्रेन क्रमांक 12914 त्रिशताब्दी एक्सप्रेस से बैतूल से इंदौर जा रही थीं। बैरछा स्टेशन के पूर्व अज्ञात आरोपी उनका लेडीज पर्स चोरी कर ले गया था। पर्स में ₹30 हजार नकद, मोबाइल और सोने का मंगलसूत्र सहित करीब ₹95 हजार का सामान था। मामले में जीआरपी उज्जैन ने अपराध क्रमांक 404/2026, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और निगरानी बदमाशों की जानकारी जुटाई। फुटेज के आधार पर संदेहियों इरशाद उर्फ दिलशाद, सलमान और समीर को बैरछा से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में तीनों ने ट्रेन में पर्स चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों से ₹13 हजार नकद बरामद हुए। वहीं इरशाद के कब्जे से मिला पोको मोबाइल जीआरपी के अपराध क्रमांक 250/2026 से संबंधित पाया गया।
तीनों को भेजा जेल
पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, मारपीट और जुआ संबंधी आपराधिक रिकॉर्ड पाए गए हैं।
ये हैं आरोपी: इरशाद उर्फ दिलशाद उर्फ दिल्लु (30), सलमान खान (22) और समीर मेवाती (24), सभी निवासी थाना बैरछा, जिला शाजापुर।
कार्रवाई में इनकी भूमिका: जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार गुप्ता, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक भगत, आरपीएफ प्रभारी विकास गुर्जर सहित जीआरपी-आरपीएफ के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।



टॉप न्यूज़










शेयर करें














































