शेयर बाजार में बड़ी कमाई का लालच देकर 68 लाख की ऑनलाइन ठगी, पुलिस कर रही जांच
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। जिले के कालापीपल क्षेत्र में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में मोटा लाभ दिलाने का लालच देकर फर्जी लिंक भेजी और निवेश के नाम पर करीब 68 लाख रुपए की ठगी कर ली। पुलिस के अनुसार पीड़ित को ऑनलाइन माध्यम से शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। ठगों द्वारा भेजी गई फर्जी लिंक पर निवेश की गई रकम और उस पर लगातार बढ़ता हुआ लाभ दिखाया जाता रहा। जब खाते में मुनाफा अधिक दिखाई देने लगा तो पीड़ित ने निवेश की गई राशि का एक हिस्सा निकालने का प्रयास किया। इस दौरान ठगों ने टीडीएस टैक्स के नाम पर अतिरिक्त राशि जमा कराने को कहा। पीड़ित ने विश्वास में आकर अलग-अलग चरणों में रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में संपर्क करने पर आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से गायब हो गए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिन खातों में राशि ट्रांसफर की गई थी, उनमें से करीब 25 लाख रुपए की राशि होल्ड कराने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार सामान्य न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह राशि पीड़ित को वापस मिल सकेगी। शेष रकम की रिकवरी और आरोपियों की पहचान के लिए साइबर सेल द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में निमिष देशमुख ने आम लोगों से अपील की है कि वे शेयर बाजार में असामान्य और त्वरित मुनाफे के दावों से सतर्क रहें। किसी भी अनजान लिंक या ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म पर रकम डालने से पहले उसकी पूरी जांच करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके। लगातार सामने आ रहे मामले कालापीपल क्षेत्र में सामने आई 68 लाख की ऑनलाइन ठगी के मामले के कुछ दिन पहले ही जिला मुख्यालय शाजापुर में भी इसी तरह ट्रेडिंग के नाम पर 29 लाख से अधिक रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आ चुका है। इस मामले में भी कोतवाली थाना पुलिस प्रकरण दर्ज कर जांच कर रही है। हालांकि अब तक पुलिस के हाथ मामले में कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।



टॉप न्यूज़










शेयर करें








































