किशोर सिंह राजपूत 9981757273
न्यायाधीश, अधिवक्ता, अधिकारी-कर्मचारी व स्टाफ हुए शामिल | “उल्लास—एक अभिनव प्रयोग” के तहत आयोजन
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाजापुर द्वारा शुक्रवार को “उल्लास—एक अभिनव प्रयोग” के तहत “आजादी के पर्व की तिरंगा बाइक रैली” निकाली गई। लगातार हो रही बारिश भी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के देशभक्ति के जज्बे को नहीं रोक सकी। रैली में 400 से अधिक न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी, PLV, LADCS एवं DLSA स्टाफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली का शुभारंभ जिला न्यायालय परिसर से हुआ। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। तिरंगे से सजी सैकड़ों बाइक और हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे प्रतिभागी शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। बारिश के बीच लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से शहर का माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया।
बारिश में भी अनुशासन के साथ निकला काफिला
तेज बारिश के बावजूद रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया। रैली को देखने के लिए शहरवासियों में भी उत्साह नजर आया।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने का भी संदेश
इस वर्ष “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर ने आयोजन को और विशेष बना दिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नमिता बौरासी के मार्गदर्शन में आयोजित रैली के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। बारिश के बीच तिरंगे के साथ निकला सैकड़ों बाइकों का यह काफिला स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को यादगार बना गया।



टॉप न्यूज़










शेयर करें












































