किशोर सिंह राजपूत 9981757273
शाजापुर। पुलिस लाइन शाजापुर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विशाल रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 102 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जबकि करीब 150 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, एसडीओपी अजय मिश्रा, रक्षित निरीक्षक वंदना सिंह, यातायात थाना प्रभारी सौरभ शुक्ला, सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती, मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी अरविंद तोमर, अजाक थाना प्रभारी रामचंद्र नागर, महिला थाना प्रभारी आशा सोलंकी सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
🔔 यह भी पढ़ें...

शिविर के दौरान 500 से अधिक ग्राम रक्षा समिति, नगर रक्षा समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों को सीपीआर (CPR) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में घायल या बेहोश व्यक्ति की समय पर जीवनरक्षक सहायता की जा सके। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिए संचालित ‘राह-वीर’ योजना की विस्तृत जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमला आर्य सहित नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज पंचोली, डॉ. मयंक मंगल, डॉ. स्मृति ठाकुर, डॉ. शैलेश ठाकुर, डॉ. तेजपाल सिंह जादौन, डॉ. महेंद्र गुप्ता, डॉ. कपिल सहाय, डॉ. यशवंत नायक, डॉ. सचिन नायक, डॉ. एस.डी. जायसवाल एवं डॉ. राजकुमार पाटीदार ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। रक्तदान प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में डॉ. रानू गुप्ता एवं ब्लड बैंक की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में शाजापुर पुलिस ने नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपात स्थितियों में घायलों की मदद कर मानवता का परिचय देने का आह्वान किया।



टॉप न्यूज़










शेयर करें












































