किशोर सिंह राजपूत 9981757273
शाजापुर। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस द्वारा 14-15 जून 2026 की मध्यरात्रि को व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के नेतृत्व में संचालित इस विशेष अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना स्तर के पुलिस बल ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
🔔 यह भी पढ़ें...

अभियान प्रारंभ होने से पूर्व पुलिस अधीक्षक ने सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं ब्रीफिंग प्रदान की। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों का भ्रमण कर पूरी रात अभियान की निगरानी की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 47 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया तथा 78 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इसके अलावा 12 जिला बदर अपराधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने 73 गुंडा बदमाशों एवं 104 निगरानीशुदा बदमाशों की सघन जांच भी की।
अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के एक 10 हजार रुपये के इनामी वारंटी को भी गिरफ्तार किया गया। वहीं आबकारी एक्ट के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने जिले के 35 होटल, लॉज, ढाबों एवं धर्मशालाओं की जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। साथ ही बैंक, एटीएम एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने सक्रिय अपराधियों, जेल से रिहा हुए बदमाशों तथा संदिग्ध व्यक्तियों के निवास एवं संभावित ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। साथ ही उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटर बदमाशों के रिकॉर्ड का अद्यतन कर उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक प्रभावशीलता लाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि शाजापुर पुलिस आमजन की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। अपराधियों पर सतत निगरानी और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



टॉप न्यूज़










शेयर करें












































