टीन शेड व मकानों में रखे भूसे में लगी आग, दो बैलों की हालत गंभीर; प्रशासन ने किया पंचनामा
शाजापुर। जिले के घुंसी के समीपस्थ गांव पथरिया बल्डी में गुरुवार दोपहर एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई, जिसमें किसान के टीन शेड और मकानों में रखा भूसा जलकर खाक हो गया। हादसे में एक गौवंश की जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बैलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
🔔 यह भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, किसान शंकरलाल पिता देवीसिंह गुर्जर के गांव के बाहर बने टीन शेड और उनके भाइयों के मकानों में मवेशियों के लिए सूखा भूसा रखा हुआ था। पास में रखे लकड़ी के ढेर में दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक आग लग गई। उस समय किसान शादी में गया हुआ था और परिजन खेत पर काम कर रहे थे।
धुआं उठता देख ग्रामीणों ने तुरंत किसान को सूचना दी और ट्रैक्टर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग इतनी भीषण थी कि एक गौवंश बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसकी तत्काल मौत हो गई। वहीं दो बैलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनकी आंखों में गहरी सूजन आ गई है।

घटना की सूचना सुंदरसी थाना पुलिस को दी गई। पटवारी एवं बड़ोदिया ब्लॉक के पशु चिकित्सा दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की और पंचनामा तैयार किया। पशुओं के उपचार के लिए 1962 पशु चिकित्सा सेवा के माध्यम से इलाज शुरू कराया गया।
शुक्रवार सुबह घुंसी ग्राम प्रधान ब्रह्मानंद गोठी एवं विहिप जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख अजय गोठी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने किसान की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए घायल बैलों के समुचित उपचार के लिए जिला स्तर पर सहायता दिलाने की बात कही।



टॉप न्यूज़









शेयर करें
















































