किशोर सिंह राजपूत 9981757273
कलेक्टर कार्यालय परिसर में व्यक्ति से अशोभनीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ था वायरल, पुलिस अधीक्षक ने की कार्रवाई
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। कलेक्टर कार्यालय भवन के प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति को परिसर से हटाते समय कथित रूप से अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किए जाने संबंधी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालघाटी, शाजापुर में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (कार्यवाहक) महेश कुमार घुरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कार्यालय पुलिस अधीक्षक शाजापुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार घुरे द्वारा एक व्यक्ति के साथ अनुचित एवं अशोभनीय भाषा का प्रयोग किए जाने का मामला संज्ञान में आया था। वीडियो के व्यापक प्रसार एवं घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान महेश कुमार घुरे को रक्षित केंद्र, शाजापुर से संबद्ध किया गया है। आदेशानुसार उनका मुख्यालय निलंबन काल में रक्षित केंद्र शाजापुर रहेगा तथा वे सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन एवं जवाबदेही बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



टॉप न्यूज़










शेयर करें













































