किशोर सिंह राजपूत 9981757273
सीहोर से उज्जैन के बीच गायब हुआ महिला का पर्स; 1.50 लाख नकद, सोने-हीरे के जेवर और कीमती सामान था
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। बरेली एक्सप्रेस के एसी कोच में यात्री के सिरहाने रखा पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। पर्स में करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण, 1.50 लाख रुपए नकद सहित अन्य कीमती सामान था। वारदात 26 अगस्त को चलती ट्रेन में हुई, लेकिन रेलवे पुलिस थानों की सीमा के विवाद में मामला उलझा रहा और एफआईआर करीब एक सप्ताह बाद 3 सितंबर को दर्ज हो सकी। मामले में जीआरपी मक्सी ने तीन संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए उठाया है। इनमें दो बेरछा और एक शाजापुर निवासी बताया जा रहा है। तीनों ट्रेन में सामान बेचने का काम करते हैं। जीआरपी चौकी मक्सी प्रभारी दीपक भगत के अनुसार युवकों को शंका के आधार पर पूछताछ के लिए उज्जैन भेजा गया है।
सीहोर में पता चला पर्स गायब है
26 अगस्त को सुकेश कुमार गुप्ता (60), निवासी मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर, पत्नी रेखा गुप्ता के साथ ट्रेन नंबर 14320 बरेली एक्सप्रेस के एसी कोच बी-3 में सफर कर रहे थे। उनकी सीट नंबर 49 और 52 थी। ट्रेन के सीहोर स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने देखा कि सिरहाने रखा पत्नी का पर्स गायब है। काफी तलाश के बाद भी पर्स नहीं मिला। 139 पर संपर्क का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद उज्जैन पहुंचकर जीआरपी थाने में शिकायत की गई।
एक-दूसरे थाने भेजते रहे मामला
उज्जैन जीआरपी ने सीहोर क्षेत्र मानकर शून्य पर कायमी की और मामला भोपाल जीआरपी भेज दिया। जांच में वारदात का स्थान बेरछा रेलवे स्टेशन क्षेत्र सामने आया। इसके बाद प्रकरण वापस भेजा गया। इंदौर रेल एसपी के पत्र के बाद उज्जैन जीआरपी ने 3 सितंबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पर्स में ये सामान था
पर्स में पांच तोले से अधिक वजन की चार सोने की चूड़ियां, सोने एवं हीरे का पेंडल लगा मंगलसूत्र, तीन सोने की अंगूठियां, तीन हीरे की अंगूठियां, दो कीमती घड़ियां, तीन जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का सिक्का, 1.50 लाख रुपए नकद सहित अन्य सामान था। कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
संदिग्धों ने दूसरी चोरी कबूली
जीआरपी टीआई उज्जैन सुनील गुप्ता ने बताया कि संदिग्ध युवकों से पूछताछ की गई है। उन्होंने बरेली एक्सप्रेस वाली चोरी से इनकार किया है, लेकिन अन्य वारदातें स्वीकार की हैं, जिनको लेकर कार्रवाई की जा रही है। बरेली एक्सप्रेस में हुई चोरी की भी गंभीरता से जांच जारी है।
एएसपी रेल पुलिस इंदौर हेमंत चौहान ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उज्जैन जीआरपी के साथ अन्य थानों की टीमें भी जांच कर रही हैं। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।



टॉप न्यूज़










शेयर करें













































