किशोर सिंह राजपूत 9981757273
उत्साह और उल्लास से मनाएं ईद उल-अज़हा: एसडीएम
🔔 यह भी पढ़ें...
प्रशासन को समाज का सहयोग अपेक्षित…
शाजापुर। आगामी 28 मई 2026 बरोज गुरूवार को ईद उल-अज़हा त्योहार के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसको लेकर गत् दिवस एबी रोड थाना कोतवाली परिसर में एसडीएम मनीषा वास्कले की अध्यक्षता में मुस्लिम समाज के प्रबुद्धजनों की बैठक हुई। जिसमें ईद उल-अज़हा के उत्सव के संबंध में विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से पेयजल आपूर्ति की उपलब्धता, निर्बाध बिजली आपूर्ति और शहर में उचित सफाई व्यवस्था पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक के दौरान एसडीएम ने संबंधित विभागों को उचित व्यवस्था तथा उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम ने कहा कि ईद उल-अज़हा का त्यौहार आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इसे मिल-जुलकर और शांतिपूर्ण ढंग से पूरे उत्साह व उल्लास के साथ मनाएं, प्रशासन को समाज का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने सफाई रखने पर जोर देते हुए कहा कि कुर्बानी के अवशेष इधर-उधर न फेंके जाएं और कुर्बानी खुले में न करें। उन्होंने नगर पालिका को कुर्बानी के अवशेषों के निस्तारण ठीक तरीके से करने और साफ-सफाई के लिए एक टीम का गठन करने को कहा, जो कस्बे में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखे। बैठक में शहर काजी रेहमत उल्लाह साहब ने सुझाव दिया कि ईद उल-अज़हा वाले दिन विशेष बिजली की सप्लाई का खास ख्याल रखा जाए। पेयजल की सप्लाई एक दिन पूर्व से ही किया जाए और सभी धार्मिक स्थलों के बाहर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाए तथा नगर पालिका के कचरा संग्रह वाहन को ईद के तीन दिन अधिक फेरे लगाकर अपशिष्ठ एकत्रित करना चाहिए, जिस पर एसडीएम मनीषा वास्कले ने नगर पालिका अधिकारी को कचरा वाहन के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने कहा कि सभी त्यौहार प्रेम और सद्भावना का प्रतीक होते हैं। ईद का त्यौहार पूरी शांति के साथ संपन्न हो, इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार समुचित व्यवस्था के साथ पर्याप्त बल तैनात रहेगा। समाजजन निर्भीक होकर उल्लास के साथ ईद मनाएं, पुलिस का उन्हे पूरा सहयोग रहेगा। आज की बैठक का उद्देश्य भी यही है कि समाजजनों के सुझाव प्राप्त हों, जिस पर चर्चा कर पूर्व से चली आ रही धार्मिक परम्परा का आदर पूर्वक निर्वाह करने में परस्पर सहयोग को और अधिक मजबूत किया जा सके। शहर काजी रहमत उल्लाह साहब ने कहा कि कुर्बानी मुसलमानों का धार्मिक कर्तव्य है, इसे लोग नमाज के बाद अपने घरों में करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से और जिस जगह पर विगत वर्षों में ईद उल-अज़हा के दौरान कुर्बानियां दी जाती रही हैं उसी को कायम रखा जाने का पैगाम समाज को दिया है और ईदगाह में होने वाली प्रमुख नमाज के सन्दर्भ में आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रातः 7ः30 बजे समाजजन गिरवर स्थित ईदगाह मस्जिद में एकत्रित होंगे और निर्धारित समय 8 बजे नमाज अदा की जायेगी। बैठक में एसडीओपी साहब, नायब तहसीलदार गौरव पोरवाल, ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष शकील वारसी, पार्षद प्रतिनिधि समीउल्लाह काजी, पार्षद हाफिज समीउल्लाह, हाजी हबीब कुरैशी, हाजी अब्दुल जलील पटेल, बबलू भाई सदर, आफ्ताब भाई, निसार भाई लाला, शेख अनवर, बाबू भाई एरिगेशन, मिर्जा सोहराब बेग, रज्जाक भाई, हनीफ राही सहित मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों के अलावा प्रशासन, पुलिस, निकाय के साथ अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।



टॉप न्यूज़










शेयर करें

















































