शुजालपुर। शहर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब शराब से भरा एक ट्रक बिना ड्राइवर के सड़क पर दौड़ पड़ा और करीब 100 मीटर आगे जाकर बैंक ऑफ इंडिया के बाहर खड़ी कैश वैन से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैश वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं पास लगा एक बिजली पोल भी टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय सड़क पर आवाजाही कम होने से कोई जनहानि नहीं हुई।
🔔 यह भी पढ़ें...
घटना सुबह करीब 7 बजे रोकड़िया हनुमान मंदिर चौराहे के पास हुई, जहां आबकारी विभाग का गोदाम स्थित है। जानकारी के अनुसार, डिस्टिलरी से शराब लेकर दो ट्रक सुबह गोदाम पहुंचे थे। एक ट्रक को गोदाम के भीतर रिवर्स करने के दौरान उसका ड्राइवर नीचे उतरकर दूसरे ट्रक में चला गया, लेकिन वह अपने ट्रक को न्यूट्रल गियर में ही छोड़ गया।
इसी बीच दोनों ट्रकों का स्टाफ रिवर्स हो रहे ट्रक को साइड देने और पार्किंग में लगाने में व्यस्त हो गया। तभी न्यूट्रल में खड़ा ट्रक अचानक लुढ़ककर सड़क पर चलने लगा। बिना ड्राइवर के दौड़ते ट्रक को देखकर वहां मौजूद क्लीनर ने उसे रोकने की कोशिश में दौड़ भी लगाई, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
तेजी से बढ़ता ट्रक करीब 100 मीटर आगे जाकर बैंक ऑफ इंडिया के बाहर खड़ी कैश वैन से टकरा गया। इस पूरी घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सामने आया है।
बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 1200 पेटी शराब लोड थी। हादसे के बाद मौके पर आबकारी विभाग, पुलिस और बैंक के अधिकारी-कर्मचारी पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापरवाही के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



टॉप न्यूज़










शेयर करें














































