किशोर सिंह राजपूत 9981757273
कलेक्टर ऋजु बाफना ने चखा मध्यान्ह भोजन, अनुपस्थित शिक्षकों पर वेतनवृद्धि रोकने और कारण बताओ नोटिस के निर्देश
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय सांदीपनि विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अनुपस्थित पाए गए अन्य शिक्षकों के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा एक-एक वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया, उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली तथा उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने और भविष्य की स्पष्ट योजना बनाने की सलाह दी।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों के लिए तैयार मध्यान्ह भोजन का स्वयं स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता जांची तथा भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी कक्षाओं का समय-सारिणी बनाकर नियमित संचालन, संगीत एवं नृत्य की कक्षाओं का संचालन, गृहकार्य की नियमित जांच, विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने तथा फर्नीचर सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बालक-बालिका शौचालय, पेयजल यूनिट और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का भी जायजा लिया गया। परिसर एवं शौचालयों में संतोषजनक सफाई नहीं मिलने पर कलेक्टर ने आउटसोर्स सफाई एजेंसी पर अर्थदंड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सप्ताह में तीन दिन सांदीपनि विद्यालयों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री दीपा कीर भी उपस्थित रहीं।



टॉप न्यूज़










शेयर करें
















































