किशोर सिंह राजपूत 9981757273
“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को विश्वस्तरीय पहचान, वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन ने जीआरपी इंदौर को किया सम्मानित
🔔 यह भी पढ़ें...
इंदौर, 3 अगस्त। मध्यप्रदेश शासन एवं मध्यप्रदेश पुलिस के निर्देशन में शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) रेल इकाई इंदौर द्वारा संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। World Book of Records, London (United Kingdom) ने इस अभिनव सामाजिक अभियान को अभिलेखित करते हुए जीआरपी इंदौर को सम्मानित किया है।
यह सम्मान 21 जुलाई 2026 को रेल इकाई इंदौर के अंतर्गत आने वाले 16 रेलवे स्टेशनों—इंदौर, उज्जैन, रतलाम, नागदा, नीमच, मेघनगर, शामगढ़, ब्यावरा, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, शाजापुर, मक्सी, देवास, डॉ. अंबेडकर नगर एवं चंद्रावतीगंज—पर एक साथ आयोजित विशाल मानव श्रृंखला कार्यक्रम के लिए प्रदान किया गया।
इस ऐतिहासिक अभियान में 4,013 लोगों ने एक साथ मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त भारत का संकल्प लिया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, रेल यात्रियों, कुलियों, रेलवे वेंडरों, सफाई कर्मियों, ऑटो रिक्शा चालकों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है ज़रूरी”, “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” जैसे नारों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया।
मुख्य कार्यक्रम इंदौर रेलवे स्टेशन पर आयोजित हुआ, जबकि सभी 16 रेलवे स्टेशनों पर एक साथ अभियान का सफल संचालन कर सामाजिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया।
रेल पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारी-कर्मचारियों, रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल, रेलवे रक्षा समिति, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, ऑटो रिक्शा चालकों, कुलियों, वेंडरों, सफाई कर्मियों एवं नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जीआरपी इंदौर भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण के ऐसे अभियान निरंतर संचालित करती रहेगी।



इंदौर










शेयर करें















































