किशोर सिंह राजपूत 9981757273
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। शुजालपुर मंडी निवासी एक युवक के बैंक खातों से अज्ञात साइबर ठगों द्वारा दो लाख 53 हजार 999 रुपये निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित ने बताया कि वह ड्राइवर का काम करता है। उसके मोबाइल नंबर से उसके स्वयं के एसबीआई और इंडसइंड बैंक खातों के साथ-साथ पिता के एसबीआई खाते का भी लिंक था तथा इन्हीं खातों से फोनपे संचालित किया जाता था। पीड़ित के अनुसार 27 जुलाई 2026 की रात उसका विवो कंपनी का मोबाइल अचानक हैंग होकर बंद हो गया। अगले दिन स्थानीय दुकानों पर मोबाइल ठीक कराने का प्रयास किया, लेकिन समस्या बनी रही। इसके बाद 29 जुलाई 2026 को सीहोर स्थित विवो सर्विस सेंटर से मोबाइल की मरम्मत कराई। 30 जुलाई की सुबह मोबाइल चालू कर फोनपे डाउनलोड कर बैंकिंग हिस्ट्री देखने पर खातों से हुए संदिग्ध लेनदेन का पता चला। शिकायत के अनुसार 29 जुलाई को पिता के एसबीआई खाते से दो ट्रांजेक्शन में 57 हजार रुपये उसके इंडसइंड बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए और बाद में यह पूरी राशि अज्ञात खाते में भेज दी गई। इसी दिन उसके एसबीआई खाते से चार बार में 40 हजार रुपये इंडसइंड बैंक खाते में ट्रांसफर हुए, जिनमें से 39,999 रुपये भी निकाल लिए गए। इसके अलावा एसबीआई खाते से 42 हजार रुपये, 15 हजार रुपये तथा बैंक स्टेटमेंट की जांच में 28 जुलाई को 1 लाख रुपये का एक अन्य संदिग्ध ट्रांजेक्शन भी सामने आया। पीड़ित ने बताया कि उसके एसबीआई और इंडसइंड बैंक खातों से कुल दो लाख 53 हजार 999 रुपये की धोखाधड़ी कर अज्ञात व्यक्ति ने अवैध रूप से राशि निकाल ली। मामले की जानकारी मिलने पर उसने शुजालपुर मंडी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर साइबर ठगी के आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है तथा बैंक ट्रांजेक्शन और संबंधित तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।



टॉप न्यूज़










शेयर करें
















































