शाजापुर। जिले के शुजालपुर क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना शुजालपुर मंडी एवं शुजालपुर सिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी गई टवेरा वाहन और जेसीबी मशीन को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

🔔 यह भी पढ़ें...
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के निर्देशन तथा एसडीओपी निमेष देशमुख के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवकुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने लगातार प्रयास और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी अजय पुर्विया निवासी पांडुरंग कॉलोनी, फ्रीगंज शुजालपुर मंडी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9-10 अप्रैल की रात उनके घर के सामने से उनकी टवेरा (एमपी 09 बीडी 2979) चोरी हो गई थी, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये थी। वहीं, एक अन्य मामले में राहुल पाटीदार निवासी ग्राम कड़वाला ने थाना शुजालपुर सिटी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 अप्रैल को अज्ञात आरोपी ने उनके परिचित योगेंद्र सिंह परमार के घर के सामने से जेसीबी (एमपी 39 एच 3848) चोरी कर ली, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये थी। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। 11 अप्रैल 2026 को पुलिस ने आरोपी गोविंद सिंह (21) निवासी ग्राम देहंडी, थाना शुजालपुर मंडी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी गई टवेरा वाहन बरामद कर ली गई। साथ ही जेसीबी चोरी के मामले में भी आरोपी की संलिप्तता सामने आई है, जिसमें आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।



टॉप न्यूज़









शेयर करें
















































