शाजापुर। सोमवार शाम को अचानक मौसम ने करवट लेते हुए शहर में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। मौसम के इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं तेज हवा के कारण नगर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक आई तेज आंधी से सड़क किनारे लगे पेड़-पौधे हिलने लगे और कुछ स्थानों पर छोटे-मोटे टीनशेड व होर्डिंग भी प्रभावित हुए।
शाम के समय बाजार क्षेत्र में खरीदारी कर रहे लोगों को मौसम खराब होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज हवा और बूंदाबांदी के चलते लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई क्षेत्रों में बिजली गुल होने से अंधेरा छा गया, जिससे आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
🔔 यह भी पढ़ें...
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, मौसम में यह बदलाव अचानक हुआ, जिससे लोग तैयार नहीं थे। वहीं बिजली विभाग की टीम द्वारा विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तेज हवा के कारण लाइन प्रभावित हुई है, जिसे जल्द ही सुधार लिया जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर न निकलने की अपील की है।



टॉप न्यूज़









शेयर करें
















































