किशोर सिंह राजपूत 9981757273
शाजापुर। आगामी नवरात्रि, दशहरा और दीपावली सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए बुधवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियम तोड़ने पर डीजे जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने एसडीएम को डीजे संचालकों की बैठक लेकर प्रतिबंध की जानकारी देने और उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों और समाजजनों से भी नागरिकों को डीजे नहीं बजाने के लिए जागरूक करने की अपील की।
🔔 यह भी पढ़ें...
मूर्ति स्थापना और गरबा पंडालों में सुरक्षा के लिए पर्याप्त वालेंटियर्स और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। एसपी प्रियंका शुक्ला ने आयोजकों से हर समय दो-दो वालेंटियर्स की मौजूदगी सुनिश्चित करने और उनकी सूची पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा। पंडालों में अंदर-बाहर दोनों तरफ सीसीटीवी लगाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने नगर पालिका को जुलूस और चल समारोह के मार्ग दुरुस्त कराने, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी की व्यवस्था करने को कहा। विद्युत कंपनी को त्योहारों में निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा नवरात्रि के दौरान मेंटेनेंस कार्य नहीं करने के निर्देश दिए।
भदौनी-करेड़ी मार्ग पर होगा प्रतिमा विसर्जन
प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भदौनी-करेड़ी मार्ग स्थल निर्धारित किया गया है। यहां और दशहरा स्थल पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, बिजली, डॉक्टर, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर काशीराम बडोले, एसडीएम मनीषा वास्कले, सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित सहित शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



टॉप न्यूज़










शेयर करें















































