किशोर सिंह राजपूत 9981757273
रतलाम/आलोट: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या: 12431) के दो कोच में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे की तत्परता और सूझबूझ से बोगियों में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
🔔 यह भी पढ़ें...
सुबह 5:30 बजे लगी आग, गार्ड की सजगता से रुकी ट्रेन
मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी एक्सप्रेस रतलाम से रवाना होकर दिल्ली की ओर बढ़ रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे आलोट और विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच (लूणी-विक्रमगढ़ के पास) ट्रेन के बी-1 (B-1) कोच में अज्ञात कारणों से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। बोगी से धुआं और लपटें उठती देख ट्रेन के गार्ड ने तुरंत लोको पायलट (ड्राइवर) को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को आपातकालीन ब्रेक लगाकर तुरंत रोका गया।
68 यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू, जलते हुए डिब्बों को किया अलग
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अमला तुरंत एक्शन में आया। प्रभावित बोगियों से सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आग की चपेट में आए डिब्बों को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग किया, ताकि आग पूरी ट्रेन में न फैले। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग ठप, कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रोकी गईं
यह घटना कोटा रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में हुई है। इस हादसे के कारण व्यस्त दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सुरक्षा के लिहाज से इस रूट से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को आसपास के अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दिया गया है।



टॉप न्यूज़










शेयर करें
















































