किशोर सिंह राजपूत 9981757273
शाजापुर। जिले को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ सोमवार को भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में जिला मुख्यालय पर मातृशक्ति ने विशाल रैली निकालकर मुख्यमंत्री, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। भीषण 42 डिग्री तापमान के बीच सैकड़ों महिलाओं ने नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए डिप्टी कलेक्टर आलोक वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
🔔 यह भी पढ़ें...
कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत महिला संयोजिका वैशाली मालवीय, सह संगठन मंत्री दिनेश शर्मा, जिला महिला सह संयोजिका हेमा नागर, जिला अध्यक्ष सवाई सिंह सिसोदिया, संभाग सदस्य राजबहादुर, जिला मंत्री मुकेश पाटीदार सहित जिले एवं तहसीलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस दौरान वैशाली मालवीय ने जिले को नशा मुक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि नशे के बढ़ते प्रचलन से युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न तहसीलों की महिला संयोजिकाओं को दायित्व भी सौंपे गए। शुजालपुर से प्रीति पाटीदार को महिला संयोजिका, रेखा पाटीदार को सहसंयोजिका, शाजापुर से सीमा मंडलोई एवं कल्पना पाटीदार को दायित्व दिया गया। आशा परमार सहित जिलेभर की मातृशक्ति कार्यक्रम में मौजूद रही।
ज्ञापन में मांग की गई कि विद्यालय, महाविद्यालय, कोचिंग संस्थान, सार्वजनिक चौराहों, बाजारों एवं आवासीय क्षेत्रों के आसपास तंबाकू, गुटखा, सिगरेट, शराब, गांजा, चरस, व्हाइटनर, पेट्रोल एवं अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। महिलाओं ने कहा कि नाबालिग विद्यार्थियों एवं युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति उनके शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है, जिससे परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से टूट रहे हैं।
ज्ञापन में एनडीपीएस एक्ट 1985, कोटपा एक्ट 2003, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट 2015 तथा मध्यप्रदेश एक्साइज एक्ट 1915 के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से विशेष संयुक्त अभियान चलाकर सघन जांच और छापामार कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही अवैध विक्रेताओं एवं सप्लाई नेटवर्क पर कठोर धाराओं में प्रकरण दर्ज करने, नियम उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त करने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी रखी गई।
महिलाओं ने शिक्षण संस्थानों के सहयोग से नशा विरोधी जागरूकता अभियान, परामर्श कार्यक्रम एवं गोपनीय शिकायत तंत्र शुरू करने की भी मांग की, ताकि शाजापुर को नशा मुक्त जिला बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रचार प्रमुख भारत नाहर द्वारा दी गई।



टॉप न्यूज़










शेयर करें












































