गेहूं उपार्जन कार्य का निरीक्षण, पारदर्शिता व समयबद्धता पर दिया जोर
शाजापुर। कलेक्टर ऋजु बाफना ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले के विभिन्न उपार्जन केन्द्रों पर चल रहे गेहूं खरीदी कार्य का निरीक्षण किया।
🔔 यह भी पढ़ें...

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम राणोगंज स्थित दीपतारा वेयर हाउस (पैक्स मोहम्मदखेड़ा), ग्राम मऊघाट के गजेन्द्र वेयर हाउस (पैक्स उचोद), कालापीपल के यशोदा वेयर हाउस (पैक्स कालापीपल) एवं अष्ट विनायक वेयर हाउस (विपणन सहकारी संस्था कालापीपल), ग्राम नांदनी के केशव वेयर हाउस, ग्राम ढाबलाधीर के बाबा महाकाल वेयर हाउस तथा सेमली एवं बेहरावल स्थित उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपने समक्ष उपज की तुलाई का परीक्षण कराया तथा समिति प्रबंधकों को शासन के निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप तुलाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बारदानों की उपलब्धता एवं परिवहन व्यवस्था की जानकारी भी ली।
मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
कलेक्टर बाफना ने सभी केन्द्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, तौल कांटा एवं छलना जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों को प्रतिदिन सुबह 8 बजे से संचालित करने एवं परिवहन कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त हम्माल लगाने के निर्देश भी दिए।
पारदर्शिता व समयबद्धता से करें उपार्जन
उन्होंने संबंधित प्रबंधकों को निर्देशित किया कि उपार्जन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ किया जाए। किसानों को बिल पर्ची पर सील एवं हस्ताक्षर सहित समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
किसानों को समय पर भुगतान के निर्देश
कलेक्टर ने मध्यप्रदेश सिविल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों को एसी नोट व टीसी जारी कर किसानों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गुणवत्ता जांच में लापरवाही न बरतें
उन्होंने सर्वेयर को निर्देश दिए कि गेहूं को अनावश्यक रूप से रिजेक्ट न करें तथा निर्धारित मापदण्डों के अनुसार नॉन एवं एफएक्यू गुणवत्ता की सही जांच करें।
किसानों से चर्चा कर समस्याएं सुनीं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बाफना ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और आश्वस्त किया कि किसी भी किसान को परेशान नहीं होना पड़ेगा तथा उनकी शत-प्रतिशत उपज खरीदी जाएगी।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर राजकुमार हलदार, उपायुक्त सहकारिता ओ.पी. गुप्ता, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित की मुख्य कार्यपालन अधिकारी कोमल डहाके सहित तहसीलदार, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी उपस्थित रहे।



टॉप न्यूज़










शेयर करें
















































