किशोर सिंह राजपूत 9981757273
300 से ज्यादा पुलिसकर्मी मैदान में उतरे, बदमाशों और निगरानीशुदा अपराधियों पर कसी नकेल
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस द्वारा शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय के नेतृत्व में जिलेभर में एक साथ कार्रवाई की गई।

अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं करीब 300 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल हुए। रवाना होने से पहले पुलिस अधीक्षक ने सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ अधिकारियों ने रातभर विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर अभियान की निगरानी की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 53 स्थायी वारंटी एवं 97 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। साथ ही 16 जिला बदर अपराधियों की जांच की गई। पुलिस टीमों ने 92 गुंडों और 134 निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की भी पड़ताल की।
अभियान के दौरान आबकारी एक्ट के तहत 8 प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि थाना शुजालपुर मंडी पुलिस ने सट्टा एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की। वहीं थाना कोतवाली पुलिस ने अन्य दो मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा जिलेभर में 35 होटल, लॉज, ढाबों और धर्मशालाओं की जांच भी की गई। इसके अलावा बैंक, एटीएम और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती गई।
कॉम्बिंग गश्त में थाना कोतवाली ने सर्वाधिक 13 स्थायी वारंट तामील किए, जबकि थाना कालापीपल ने 19 गिरफ्तारी वारंटों की तामीली कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने सक्रिय बदमाशों, जेल से रिहा अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली तथा उन्हें सख्त चेतावनी दी कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटर एवं गुंडा रिकॉर्ड को भी अद्यतन किया गया।
पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि शाजापुर पुलिस आमजन की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा अपराधियों के विरुद्ध ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।



टॉप न्यूज़










शेयर करें

















































