देह व्यापार के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बाहर से लड़कियों को लेकर कराया जा रहा था देह व्यापार 
खरगोन। जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वाह पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक ठिकाने पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने डालुका मार्केट क्षेत्र में किराए के कमरे में संचालित देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए महिला संचालक एवं एक पुरुष को गिरफ्तार किया है।
🔔 यह भी पढ़ें...
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देशों के पालन में की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक खरगोन रविंद्र वर्मा द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुन्तला रुहल के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सतर्कता बरतने एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना बड़वाह पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि डालुका मार्केट में एक किराए के कमरे में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बड़वाह बलरामसिंह राठौर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। महिला पुलिसकर्मियों को साथ लेकर टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर पुलिस को सनावद निवासी एक महिला, जो इस अवैध गतिविधि की संचालक बताई जा रही है, पश्चिम बंगाल से आई दो महिलाएं एवं बेड़िया निवासी एक पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
पुलिस द्वारा मौके से आपत्तिजनक सामग्री, नकद राशि एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में पुष्टि हुई कि बाहर से महिलाओं को बुलाकर किराए के कमरे में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा था।
थाना बड़वाह में आरोपियों के विरुद्ध अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर महिला संचालक एवं एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी बड़वाह अर्चना रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलरामसिंह राठौर के नेतृत्व में उनि रेणुका राठौर, सउनि शिवप्रसाद वर्मा, प्रधान आरक्षक विनोद कुमार यादव, महिला आरक्षक अन्नपूर्णा तिवारी, नर्मदा यादव एवं आरक्षक दीपक तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



टॉप न्यूज़









शेयर करें
















































