किशोर सिंह राजपूत 9981757273
शाजापुर। करीब छह वर्ष पुराने चर्चित हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को शाजापुर पुलिस ने तमिलनाडु से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने वर्ष 2020 में अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। साइबर सेल की तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपी को कांचीपुरम (तमिलनाडु) से दबोचा गया।
🔔 यह भी पढ़ें...
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2020 को देवास निवासी ललित पंचोली (30) ने शाजापुर के विजयनगर स्थित अपने किराए के मकान में पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद थाना लालघाटी में अपराध क्रमांक 173/2020 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 302 एवं 201 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी, लेकिन आरोपी घटना के तुरंत बाद फरार हो गया था।
महिला संबंधी गंभीर अपराधों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने वर्ष 2020 से लंबित इस हत्या प्रकरण के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय और एसडीओपी अजय मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना लालघाटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता
जांच के दौरान साइबर सेल ने आरोपी की गतिविधियों का लगातार तकनीकी विश्लेषण किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपनी पहचान छिपाकर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों में ठिकाने बदलता रहा। लगातार निगरानी के बाद उसकी सटीक लोकेशन तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि करीब छह वर्षों से फरार हत्या के आरोपी की गिरफ्तारी थाना लालघाटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम की बड़ी सफलता है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लालघाटी निरीक्षक अर्जुनसिंह मुजाल्दे, उप निरीक्षक हेमंत पटेल, साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक विकास तिवारी, प्रधान आरक्षक मुकेश पटेल तथा प्रधान आरक्षक जसवंत जाटव की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।



टॉप न्यूज़










शेयर करें














































