विराट सवेरा बालाघाट। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटंगी द्वारा गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति नंदलेसरा-सावंगी, अभ्युदय सामाजिक विकास संस्था कटंगी तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (CMCLDP) के संयुक्त तत्वावधान में जल संचय अभियान के अंतर्गत चंदन नदी में बोरी बंधान का कार्य किया गया। सावंगी स्थित गंगा माई घाट पर स्वैच्छिकता, सामूहिकता एवं श्रमदान के माध्यम से जल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु विशाल बोरी बंधान किया गया, जिसमें सामाजिक कार्य में स्नातक एवं स्नातकोत्तर कर रहे छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
बोरी बंधान उपरांत आयोजित संगोष्ठी में विकासखंड समन्वयक सुरेंद्र कुमार भगत ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी नदियां भी ग्रीष्म ऋतु में सूखने लगी हैं, ऐसे में उनके कैचमेंट एरिया अर्थात छोटे-छोटे नदी-नालों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पहले भूमिगत जल स्तर ऊंचा था, जो अब लगातार नीचे जा रहा है, यह चिंता का विषय है। श्री भगत ने प्रस्फुटन समिति, नवांकुर संस्थाओं तथा CMCLDP के एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक श्रमदान से किए जा रहे जल संरक्षण प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बोरी बंधान, सोख्ता गड्ढे सहित अन्य जल संरचनाओं का निर्माण, जल स्रोतों की साफ-सफाई तथा जनजागरूकता के लिए संगोष्ठी, चौपाल, बैठकें, रैली एवं चर्चाएं लगातार की जा रही हैं।
🔔 यह भी पढ़ें...
परामर्शदाता अंजू डोंगरे ने कहा कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं एवं प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी विगत कई वर्षों से स्वैच्छिकता और सामुदायिक सहभागिता के साथ जल संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। अभ्युदय सामाजिक विकास संस्था के अध्यक्ष संदीप शर्मा ने बताया कि परिषद द्वारा जल संचय अभियान के अंतर्गत जनजागरूकता के लिए सभी को सतत प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुरेंद्र कुमार भगत (विकासखंड समन्वयक), संदीप शर्मा (अध्यक्ष, अभ्युदय सामाजिक विकास संस्था), अंजू डोंगरे, राजकुमार ब्यौत्रा, महेंद्र पटले सहित प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, CMCLDP के छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



टॉप न्यूज़









शेयर करें
















































