किशोर सिंह राजपूत 9981757273
शाजापुर। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाजापुर द्वारा “पंच-ज अभियान” के अंतर्गत शनिवार सुबह लालघाटी स्थित न्यायाधीश आवास के सामने जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष आनंद कुमार तिवारी ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
🔔 यह भी पढ़ें...
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने स्वयं गैंती चलाकर जल संचयन हेतु चार गड्ढों की खुदाई कर किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को जल संरक्षण का संदेश देते हुए वर्षा जल संचयन को समय की आवश्यकता बताया।
इसके बाद विशेष न्यायाधीश अंजनी नंदन जोशी, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय दिनेश कुमार सिंह, जिला न्यायाधीशगण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनयना श्रीवास्तव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नमिता बौरासी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष करण सिंह गुर्जर, जेल अधीक्षक दुष्यंत पगारे, जेलर सुनील कुमार मंडलेकर, न्यायिक अधिकारी, वन विभाग, पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग, नगर पालिका, पैनल अधिवक्ता, पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रमदान कर जल संचयन के लिए गड्ढों का निर्माण किया।
कार्यक्रम में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित सभी लोगों ने “जल है तो कल है” तथा “जल संरक्षण-जन सहभागिता” का संकल्प लेते हुए अपने घरों एवं संस्थानों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था विकसित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद कुमार तिवारी के नेतृत्व में न्यायालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सभी उपस्थितजनों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता की शपथ ली और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती नमिता बौरासी ने सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और ऐसे जन-अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



टॉप न्यूज़










शेयर करें














































