किशोर सिंह राजपूत 9981757273
कालापीपल पहुंचकर सीआईडी टीम ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, जुटाए साक्ष्य
🔔 यह भी पढ़ें...
शाजापुर। कालापीपल थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय बालक की गला रेतकर हत्या और अप्राकृतिक कृत्य की आशंका से जुड़े बहुचर्चित मामले की जांच अब सीआईडी ने अपने हाथ में ले ली है। शनिवार शाम जिला पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष को जांच सीआईडी से कराने का आश्वासन दिए जाने के कुछ घंटे बाद ही सीआईडी की टीम कालापीपल पहुंच गई और रविवार सुबह से घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी।पीड़ित परिवार से चर्चा, पुलिस की कार्रवाई की भी होगी गहन समीक्षा पुलिस मुख्यालय की निगरानी में जांच, हर पहलू की होगी बारीकी से पड़ताल सीआईडी की जांच टीम का नेतृत्व एआईजी धनंजय शाह कर रहे हैं। उनके साथ डीएसपी आर.डी. मिश्रा, निरीक्षक असरफ अली अंसारी, संतोषी पिपरे और लाखन भूरिया सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, कालापीपल थाना पुलिस से अब तक की जांच की जानकारी ली तथा पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों से भी चर्चा की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। शनिवार को पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पांच घंटे से अधिक समय तक कालापीपल-सीहोर मार्ग पर चक्काजाम कर सीआईडी जांच की मांग की थी। इसके बाद एएसपी घनश्याम मालवीय ने लिखित रूप से जांच सीआईडी को सौंपने का आश्वासन दिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर केस डायरी हस्तांतरित होने से पहले ही सीआईडी अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ करने के निर्देश दे दिए गए थे।
सीआईडी एआईजी धनंजय शाह ने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर है और प्रत्येक पहलू की गहन जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि हत्या की परिस्थितियों, उपलब्ध साक्ष्यों और सभी तथ्यों का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया जाएगा ताकि घटना की तह तक पहुंचा जा सके और दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित हो। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में विधिक पहलुओं पर विशेषज्ञों से भी परामर्श लिया जाएगा।
उधर, पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने कालापीपल थाना पुलिस की जांच पर अविश्वास जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी हुई थी। इसी के बाद जिला पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर मामला सीआईडी को सौंपने का निर्णय लिया। अब पूरे मामले की जांच सीआईडी की निगरानी में आगे बढ़ेगी।



टॉप न्यूज़









शेयर करें















































