राजगढ़ शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजगढ़ में 13 प्रमुख स्थानों पर लगाए गए 42 सीसीटीवी कैमरों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने कंट्रोल रूम का उद्घाटन कर शहर की आधुनिक निगरानी व्यवस्था की शुरुआत की।

🔔 यह भी पढ़ें...
इससे पहले पुलिस थाना राजगढ़ प्रांगण में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिकों, दानदाताओं, व्यापारी बंधुओं तथा जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। कार्यक्रम में मंचासीन पुलिस अधीक्षक श्री मयंक अवस्थी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारुल बेलापुरकर, एसडीओपी श्री विश्वदीपसिंह परिहार और तहसीलदार मुकेश बामनिया उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, नागरिकों और संस्थाओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा शील्ड और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। फिलहाल, नगर में 13 प्रमुख स्थानों पर 42 सीसीटीवी कैमरे चालू कर दिए गए हैं, जबकि तीन स्थानों पर कैमरे लगाना अभी शेष है।

पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने उद्घाटन के दौरान कहा कि वर्तमान समय में तकनीक का उपयोग पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए बेहद आवश्यक हो गया है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर के महत्वपूर्ण स्थानों की लगातार निगरानी की जा सकेगी, जिससे असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा और अपराधियों की पहचान करना भी आसान होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि कंट्रोल रूम में आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया गया है, जिसमें सभी कैमरों की लाइव फुटेज एक साथ देखी जा सकती है। इसके अलावा फुटेज को सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी की गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर जांच के दौरान उसका उपयोग किया जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर ने कहा कि वर्तमान समय में सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा का महत्वपूर्ण कवच बन चुके हैं। किसी भी बड़े अपराध की जांच में कैमरे काफी सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कैमरों के रखरखाव को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए ताकि यह व्यवस्था लगातार प्रभावी बनी रहे।कार्यक्रम को डॉ. एमएल जैन, भाजपा नेता नवीन बनिया, मनोज माहेश्वरी, नीलेश सोनी, हुसैन बोहरा और बाबूलाल चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन ने किया। आभार थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने माना।



टॉप न्यूज़







शेयर करें









































