राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना, बोले- शहर में जहर बांटा
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। यहां आज एक और मरीज की मौत हो गई। एक 60 वर्षीय महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शहर में दूषित पानी से यह 15वीं मौत है।
🔔 यह भी पढ़ें...
मामले में शुक्रवार को राज्य सरकार ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट भी उच्च न्यायालय में पेश कर दी है। स्टेटस रिपोर्ट में बताया गया है कि गंदे पानी से अब तक सिर्फ चार मौतें हुई हैं। जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने 6 जनवरी को सुनवाई की अगली तारीख तय की है। इधर मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि इंदौर में पानी नहीं, जहर बांटा गया है। वहीं, उमा भारती ने कहा है कि इस पाप का घोष प्रायश्चित करना होगा।
इंदौर सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि दूषित पानी पीने से ही लोग बीमार पड़े और उनकी जान गई। दूषित पानी से प्रभावित 16 बच्चों समेत 201 लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से 32 लोग आईसीयू में भर्ती हैं। डॉ. हसानी का कहना है कि सैंपल की जांच रिपोर्ट में साफतौर पर पुष्टि हुई है कि दूषित पानी पीने से ही लोग बीमार पड़े और उनकी जान गई। वहीं, कलेक्टर शिवम वर्मा का कहना है कि डिटेल्ड रिपोर्ट का इंतजार है। मेडिकल कॉलेज में कल्चर टेस्ट भी किया जा रहा है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहना ठीक होगा।
इस मामले को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि साफ पानी अहसान नहीं, जीवन का अधिकार है। इस अधिकार की हत्या के लिए भाजपा का डबल इंजन, उसका लापरवाह प्रशासन और संवेदनहीन नेतृत्व पूरी तरह जिम्मेदार है। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि घर-घर परेशानी है। गरीब पीड़ा में है, लेकिन भाजपा के नेता घमंड में चूर हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मामले को लेकर केन्द्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान का ढिंढोरा पीटने वाले नरेन्द्र मोदी जी, हमेशा की तरह इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर मौन हैं। यह वही इंदौर शहर है जिसने केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण में लगातार आठवीं बार सबसे स्वच्छ शहर का खिताब जीता है। ये शर्मनाक बात है कि यहां पर भाजपा की उदासीनता के चलते लोग साफ पानी के मोहताज हैं।
जिंदगी की कीमत 2 लाख रुपये नहीं होतीः उमा भारती
इंदौर में दूषित पानी से मौतों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने भी बड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स लिखा है कि इंदौर दूषित पानी के मामले में यह कौन कह रहा है कि हमारी चली नहीं। जब आपकी नहीं चली तो आप पद पर बैठे हुए बिसलेरी का पानी क्यों पीते रहे? पद छोड़कर जनता के बीच क्यों नहीं पहुंचे? ऐसे पापों का कोई स्पष्टीकरण नहीं होता या तो प्रायश्चित या दंड।इधर, मामले में मध्य प्रदेश सरकार ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट शुक्रवार को मप्र उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ में पेश की, जिसमें पानी से सिर्फ 4 मौत होने की बात कही है। सरकार की रिपोर्ट की यह स्थिति तब है, जब लोगों की 15 मौत हो चुकी है। इनमें पांच महीने के मासूम बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज की लैब रिपोर्ट में भी पानी में सीवेज मिलने की पुष्टि हो चुकी है। हाई कोर्ट ने जनहित याचिका पर सुनवाई की अगली तारीख 6 जनवरी तय की है। वहीं, इंटर विनर (हस्तक्षेप कर्ता) गोविंद सिंह बैस की ओर से मीडिया में रिपोर्ट पब्लिश करने पर रोक लगाने की मांग की गई। इस पर कोर्ट ने कोई टिप्पणी नहीं की।___



टॉप न्यूज़









शेयर करें








































