*हंडिया बना समानता और नेतृत्व का मैदान*
🔔 यह भी पढ़ें...
(समावेशी कप 2026 – जिला स्तरीय लीग मैच, प्रथम दिवस)
हंडिया स्थित नए खेल मैदान (स्टेडियम हंडिया) में आयोजित समावेशी कप 2026 के जिला-स्तरीय दो दिवसीय लीग मैच का शुभारंभ आज भव्य एवं समावेशी वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन खेल के माध्यम से लैंगिक समानता, नेतृत्व और सामाजिक बदलाव का सशक्त उदाहरण बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरपंच श्री लखनलाल जी, युवा नेता श्री सिद्धांत तिवारी, पुलिस थाना हंडिया से ASI श्री विनोद रघुवंशी, प्रधान आरक्षक श्री शंकर, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. योगेश, Z प्लस अकैडमी से श्री नरेंद्र पीपलोदा की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। सभी अतिथियों एवं टीम कोचों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।
इसके पश्चात सभी दर्शकों को सावधान की मुद्रा में खड़ा कर राष्ट्रीय गान का आयोजन किया गया। तत्पश्चात पर्ची प्रणाली द्वारा 12 टीमों का आपसी मैच निर्धारण किया गया।
पहला मुकाबला और खेल की शुरुआत
पहला मुकाबला चिराखान एवं सिगोदा टीम के बीच खेला गया, जिसमें चिराखान टीम विजयी रही। दोनों टीमों को लाइन-अप कराकर मुख्य अतिथियों द्वारा मैच का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
प्रतिभागी टीमें
राज्य स्तर के लिए चयन हेतु निम्न 12 टीमों ने भाग लिया:
हंडिया, सिगोन-1, सिगोन-2, मालकुंड, उण्ढाल, चिराखान, जोगा, हिरापुर, डुमलाय, मैदा।
द्वितीय राउंड के लिए क्वालिफ़ाई टीमें
आज के मुकाबलों के पश्चात द्वितीय राउंड के लिए निम्न 5 टीमें क्वालिफ़ाई हुईं:
चिराखान, मालकुंड, हंडिया, डुमलाय एवं मैदा।
मैदान पर समानता का जीवंत दृश्य
जब मैदान पर लड़कियाँ और लड़के एक ही टीम की जर्सी में उतरे, तो यह केवल क्रिकेट मैच नहीं था, बल्कि बराबरी, सम्मान और सामाजिक बदलाव का सशक्त संदेश था।
इन मुकाबलों में जिले की 12 मिक्स्ड-जेंडर टीमों के 156 खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।
हर रन, हर विकेट और हर कैच यह दर्शा रहा था कि समान अवसर मिलने पर नेतृत्व, आत्मविश्वास और प्रतिभा हर युवा में उभरती है।
अतिथियों के विचार
> “समावेशी कप जैसे आयोजन समाज की उस सोच को बदलते हैं, जहाँ आज भी लड़कियों की भागीदारी पर सवाल उठते हैं। यहाँ लड़कियाँ केवल खेल नहीं रहीं, बल्कि नेतृत्व कर रही हैं।”
विशेष अतिथि व्दारा
> “यह टूर्नामेंट आने वाली पीढ़ी को सिखा रहा है कि समानता केवल विचार नहीं, बल्कि व्यवहार है।”
आगामी चरण
कल 6 टीमों के बीच मुकाबले होंगे, जिनमें से एक टीम राज्य-स्तरीय समावेशी कप 2026 के लिए क्वालिफ़ाई करेगी।
राज्य-स्तरीय मुकाबले 14, 15 एवं 16 तारीख को आयोजित किए जाएंगे।
समावेशी कप 2026 की विशेषता
उल्लेखनीय है कि समावेशी कप 2026 का आयोजन सिनर्जी संस्थान, हरदा द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक पहल में 8 जिलों की 200 मिक्स्ड-जेंडर टीमें और 2200 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
आगामी चरण में चयनित टीमें नेहरू स्टेडियम, हरदा में होने वाले राज्य-स्तरीय मुकाबलों में भाग लेंगी, जहाँ पुरस्कार राशि इस प्रकार है:
🥇 प्रथम पुरस्कार – ₹51,000
🥈 द्वितीय पुरस्कार – ₹31,000
🥉 तृतीय पुरस्कार – ₹21,000
🏅 चतुर्थ पुरस्कार – ₹11,000
खेल से आगे की सोच
इस टूर्नामेंट में लड़कियों को कप्तान और लड़कों को सहायक भूमिका देकर यह संदेश दिया जा रहा है कि खेल के मैदान पर सभी का समान अधिकार है। यह पहल ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में युवाओं के नेतृत्व कौशल, आत्मविश्वास और सामाजिक रूढ़ियों को तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सामूहिक प्रयास से सफलता
इस आयोजन की सफलता में कोच, स्वयंसेवक, अंपायर, अभिभावक, स्थानीय प्रशासन, समुदाय एवं सिनर्जी टीम का अहम योगदान रहा।
समावेशी कप यह सिद्ध करता है
“हक़ है समान, सभी का है मैदान।”



टॉप न्यूज़










शेयर करें








































